Bihar News: सीवान में सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में बड़ी कार्रवाई, 5 एजेंसियों पर 1.33 करोड़ का जुर्माना

Share

🔴 KMP भारत EXCLUSIVE | विशेष रिपोर्ट

खराब सोलर लाइटों और सिग्नल लॉस की शिकायतों पर जिला प्रशासन सख्त

चार एजेंसियों की बैंक गारंटी से होगी वसूली, एक एजेंसी के बकाया भुगतान से कटेगी जुर्माने की राशि

कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में लापरवाही बरतने वाली कार्यकारी एजेंसियों के खिलाफ सीवान जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइटों के खराब रहने और सिग्नल लॉस की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पांच एजेंसियों पर कुल 1 करोड़ 33 लाख 60 हजार 130 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। पंचायती राज विभाग के निर्देश और जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के अनुमोदन के बाद जिला पंचायत राज पदाधिकारी बालेंदु नारायण पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

सीएमएस पोर्टल की रिपोर्ट से खुली लापरवाही की पोल

पंचायती राज विभाग के सीएमएस पोर्टल से 30 अक्टूबर 2026 को प्राप्त आंकड़ों की समीक्षा में सोलर स्ट्रीट लाइटों में तकनीकी खराबी और सिग्नल लॉस की समस्या सामने आई। विभागीय प्रावधानों के अनुसार, किसी सोलर लाइट के 72 घंटे से अधिक समय तक खराब या निष्क्रिय रहने पर संबंधित एजेंसी पर प्रतिदिन 10 रुपए की दर से जुर्माना लगाने का प्रावधान है। इसी आधार पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

- Sponsored -

इन पांच एजेंसियों पर लगाया गया जुर्माना

जिन एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड, जीईआईई सोलर प्रोडक्ट लिमिटेड, आईटीआई लिमिटेड, जय ऑटो व्हीकल लिमिटेड और सूर्यम इंटरनेशनल लिमिटेड शामिल हैं।

प्रशासनिक आदेश के अनुसार, जय ऑटो व्हीकल को छोड़कर अन्य चार एजेंसियों की जुर्माना राशि उनकी परफॉर्मेंस बैंक गारंटी (पीबीजी) से वसूल की जाएगी। वहीं, जय ऑटो व्हीकल के मामले में दंड की राशि का समायोजन जिला स्तर पर उसके शेष 25 प्रतिशत भुगतान से किया जाएगा।

अब रोज होगी सोलर स्ट्रीट लाइटों की निगरानी

पंचायती राज विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने योजना की निगरानी को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत संबंधित स्तरों पर विशेष कोषांग गठित किए जाएंगे। इन कोषांगों के माध्यम से प्रतिदिन सोलर स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता की समीक्षा की जाएगी। खराब और बंद पड़ी लाइटों की स्थिति पर नियमित नजर रखी जाएगी, ताकि तकनीकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

खराब लाइटें मिलने पर आगे भी होगी कड़ी कार्रवाई

प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि विभाग ने सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों को लगातार क्रियाशील बनाए रखने का स्पष्ट निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान लाइटें खराब या बंद मिलने पर संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के विरुद्ध एकरारनामे की शर्तों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित इस योजना में इतनी बड़ी जुर्माना राशि लगाए जाने के बाद अब एजेंसियों के रखरखाव कार्य और खराब लाइटों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया पर विशेष नजर रहेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30