फोटो कैप्शन: खाद्य सुरक्षा सारण प्रमंडल के अभिहित पदाधिकारी (डीओ) नारायण राम।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त कुमार रवि के सख्त निर्देश पर कार्रवाई तेज
सारण प्रमंडल के डीओ नारायण राम बोले—सिवान के 19 प्रखंडों और 9 नगर निकायों में अभी चल रही है खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, डीएम को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय | सीवान/छपरा/गोपालगंज
त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। यह अभियान छठ महापर्व के बाद भी लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा सारण प्रमंडल के अभिहित पदाधिकारी (डीओ) नारायण राम ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई निरंतर चलती रहेगी।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त सह सचिव कुमार रवि ने मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के आलोक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
डीएम के आदेश पर 19 प्रखंडों और 9 नगर निकायों में जांच
अभिहित पदाधिकारी नारायण राम ने बताया कि सिवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के आदेश पर जिला समाहरणालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार 1 से 7 नवंबर 2026 तक जिले में विशेष खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत जिले के सभी 19 प्रखंडों और 9 नगर निकायों में संचालित मिठाई दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की गंभीरतापूर्वक जांच कराई जा रही है।
जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
जांच में अनियमितता मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
नारायण राम ने बताया कि जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जागरूक करना भी है।
सिवान के साथ गोपालगंज और छपरा में भी विशेष अभियान
अभिहित पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान केवल सिवान तक सीमित नहीं है। सारण प्रमंडल के अंतर्गत गोपालगंज और छपरा में भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि त्योहार समाप्त होने के बाद भी खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी और जांच जारी रहेगी, ताकि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
जांच रिपोर्ट शीघ्र जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी
नारायण राम ने बताया कि सिवान जिले में चल रहे विशेष अभियान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र ही जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा को सौंपी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो।






