कड़ाके की ठंड में भी 2100 कन्याओं ने नंगे पांव निकाली कलश यात्रा, नौ दिनों तक चलेगा महायज्ञ व भागवत कथा
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता।महाराजगंज (सिवान) | अनुमंडल मुख्यालय के दुर्गा चौक नखास स्थित बड़ी देवी मंदिर के वार्षिकोत्सव अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा नगर आस्था व भक्ति के रंग में रंग गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कलश यात्रा का नेतृत्व बाला बाबा मठ के मठाधीश बद्री नारायण दास जी महाराज ने किया। वाराणसी से आए यज्ञाचार्य मनीष तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ हुई। हाथी, घोड़े, बैंड-बाजे और धार्मिक ध्वजों के साथ 2100 कन्याओं से सुसज्जित यह कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। कलकटरी पोखरा में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद जलभरी की गई, जिसके उपरांत यात्रा पुरानी बाजार, नया बाजार, सिहौता बाजार, राजेंद्र चौक और मोहन बाजार से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पहुंची।
ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंगे पांव कलश लेकर यात्रा में शामिल हुए। जय माता दी, हर-हर महादेव, जय श्रीराम और जय हनुमान के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं के स्वागत में जगह-जगह रंगोली सजाई गई थी। स्वयंसेवकों द्वारा प्याऊ, चाय और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री सुप्रिया जायसवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष अमरजीत सिंह, जिला मंत्री अवधेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
भागवत कथा और महाआरती रहेंगी आकर्षण
आयोजन समिति के सदस्य डेनिस कुमार ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन संध्या 7 बजे से वृंदावन की प्रसिद्ध कथावाचिका श्यामा किशोरी जी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के पश्चात आरती और महाप्रसाद का वितरण होगा। उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को महाअष्टमी के अवसर पर वाराणसी की गंगा आरती की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए विशेष मंडली को आमंत्रित किया गया है। महायज्ञ के अंतिम दिन हवन-पूजन, विशाल भंडारा और रात्रि में देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा।






