Betiya: मझौलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 20 किलो से अधिक चरस के साथ महिला सहित चार तस्कर गिरफ्तार

Share

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l मुजफ्फरपुर

बेतिया (प. चम्पारण), अजय शर्मा

प. चम्पारण जिले में नशा के कारोबार पर लगातार नकेल कसने में लगी मझौलिया पुलिस ने शनिवार देर शाम बड़ी सफलता हासिल की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की कीमत वाली 20 किलो 110 ग्राम चरस के साथ एक महिला सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।

वाहन जांच अभियान में लगी पुलिस की नजर, दो बाइक सवारों की हरकत ने बढ़ाया शक

बेतिया सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मझौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर ग्रीन प्लांट के पास थानाध्यक्ष अवनीश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे।

गश्ती के दौरान पुलिस वाहन को देखकर दो बाइक पर सवार चार लोग अचानक भागने लगे। पुलिस को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ और तुरंत पीछा कर दोनों बाइकों को रोक लिया गया। रोकने के बाद जब तलाशी ली गई तो दोनों बाइकों पर रखे थैलों से कुल 35 पैकेट बरामद हुए।

पूछताछ में कबूलनामा, पैकेटों में चरस होने की पुष्टि

पहचान के बाद आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैकेटों में चरस जैसा मादक पदार्थ भरा हुआ है। पुलिस ने सभी 35 पैकेटों को जब्त कर जांच कराई, जिसमें 20 किलो 110 ग्राम चरस होने की पुष्टि हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

- Sponsored -

मोतिहारी–मुजफ्फरपुर से जुड़े हैं आरोपी

गिरफ्तार तस्करों की पहचान इस प्रकार है—

  • रूपेश कुमार निवासी मोतिहारी
  • नागेंद्र ठाकुर निवासी मोतिहारी
  • चिराग अली निवासी मोतिहारी
  • रेखा देवी निवासी मुजफ्फरपुर

पुलिस ने घटनास्थल से दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह चरस नेपाल सीमा होकर भारत में खपाने के लिए लाई जा रही थी। पुलिस अब इनके सप्लायर और खरीददारों के बारे में गहराई से पूछताछ कर रही है।

एसडीपीओ की अपील—नशा तस्करों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी

एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के ऑपरेशन में आम लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे गिरोहों को समय रहते पकड़ा जा सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930