Biharsarif: सरकारी बस पड़ाव की सूरत बदलेगी, जल्द दिखेगा बदलाव: परिवहन मंत्री

Share

बिहारशरीफ बस स्टैंड का निरीक्षण, पुनर्निर्माण और नई बस सेवाओं का ऐलान

बिहारशरीफ से अविनाश पांडेय की रिपोर्ट। बिहार सरकार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मुख्य सरकारी बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस पड़ाव की जर्जर हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे पूरी तरह दुरुस्त करने का भरोसा दिया। मंत्री ने कहा कि यह बस स्टैंड अब खंडहर नहीं रहेगा, बल्कि यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

स्टाफ की भारी कमी, केवल 41 बसों का संचालन
निरीक्षण के दौरान डिपो इंचार्ज और डीटीओ नालंदा भी मौजूद रहे। मंत्री ने कार्यालय, यात्री शेड और पूरे परिसर का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बस स्टैंड से सिर्फ 41 बसों का ही संचालन हो रहा है, जबकि स्टाफ की भारी कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जल्द ही नया कार्यालय बनेगा, कर्मचारियों की कमी दूर की जाएगी और यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री परिवहन योजना से मजबूत होगी कनेक्टिविटी
परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट लक्ष्य है कि परिवहन विभाग की सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड से जिला तक सात-सात वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत से प्रखंड तक आवागमन को भी सुलभ बनाने के लिए बड़े पैमाने पर योजना बनाई गई है, जिससे ग्रामीण इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा।

दो नए बस रूट जल्द शुरू होंगे
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान दो नए बस मार्गों की घोषणा भी की। पहला मार्ग पटना से दनियावां होते हुए बिहारशरीफ और राजगीर तक होगा। दूसरा मार्ग पटना से हिलसा, इस्लामपुर, राजगीर, हिसुआ होते हुए रजौली तक चलेगा। उन्होंने बताया कि दोनों मार्गों का वर्कआउट पूरा हो चुका है और जल्द ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

पीपीपी मोड पर चलेगी बसें, किराया होगा सस्ता
परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी प्रमुख पथों, खासकर पीडब्ल्यूडी सड़कों पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर बसें चलाई जाएंगी। जहां संभव होगा, वहां परिवहन निगम स्वयं बसों का संचालन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राजपथ परिवहन निगम की बसों का किराया टेम्पो से भी कम है, जबकि सुविधाएं ज्यादा बेहतर हैं।

दिल्ली बस सेवा पर फिर मंथन
बिहारशरीफ से दिल्ली के लिए पहले चलने वाली बस सेवा को दोबारा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि समीक्षा के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा।

इन शहरों के लिए चल रही हैं बसें
फिलहाल बिहारशरीफ मुख्य सरकारी बस स्टैंड से पटना, मुंगेर, जमुई, नवादा, राजगीर, शेखपुरा, बोकारो और रांची के लिए बीएसआरटीसी की बसें संचालित हो रही हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031