सहरसा में खनन विभाग के कर्मचारी को गोली मार फरार बदमाश, सूर्या अस्पताल में नाजुक हालत

Share

मत्स्यगंधा–जरसैन मार्ग पर बाइक सवार अपराधियों ने किया हमला, पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत न्यूज़ l भागलपुर

विकास कुमार। संवाददाता। सहरसा

सहरसा में अपराधियों का आतंक एक बार फिर सिर उठाने लगा है। शुक्रवार को सदर थाना क्षेत्र के मत्स्यगंधा और जरसैन के बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने खनन विभाग में कार्यरत डाटा ऑपरेटर मृत्युंजय कुमार को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों में खौफ पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

35 वर्षीय मृत्युंजय कुमार मूल रूप से सत्तर गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल जमुई खनन विभाग में डाटा ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, वे किसी कार्य से सहरसा शहर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों द्वारा चलाई गई दो गोलियों में से एक गोली उनके पेट में आर-पार हो गई, जबकि दूसरी गोली पैंजरे में फंस गई। अचानक हुए इस हमले से वे सड़क किनारे गिर पड़े और राहगीरों द्वारा उन्हें तत्काल गंभीर अवस्था में सूर्या अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम और डीआईयू यूनिट ने घटनास्थल का मुआइना किया और वहां से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला नियोजित हमला प्रतीत होता है। हालांकि अब तक हमले के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

- Sponsored -

वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराध पर लगाम लगाने की मांग की है। वहीं खनन विभाग के कर्मचारियों में भी घटना को लेकर नाराजगी और डर देखा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अस्पताल में भर्ती मृत्युंजय कुमार की हालत चिंता जनक बनी हुई है। परिवार वालों का रो–रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल दोनों अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930