Siwan Inter Exam 2026: महाराजगंज के 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई इंटरमीडिएट परीक्षा

Share

फोटो कैप्शन:स्वामी कर्मदेव यमुना राम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र की जांच करते हुए वीक्षक।

पहले दिन प्रथम पाली में 26 और द्वितीय पाली में 5 परीक्षार्थी रहीं अनुपस्थित

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

महाराजगंज (सिवान) |
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत सोमवार से महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अनुमंडल क्षेत्र में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।

10 परीक्षा केंद्रों पर हुआ आयोजन
अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिन्हा ने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सिहौता बंगरा उच्च विद्यालय, स्वामी कर्मदेव यमुनाराम उच्च विद्यालय, बोर्ड मिडिल स्कूल, उमाशंकर प्रसाद हाई स्कूल, अनुग्रह नारायण उमाशंकर सिंह महिला महाविद्यालय, सेंट जोसफ हाई स्कूल, जीपीएस स्कूल, आर्य कन्या मध्य विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर तथा कसदेवरा बांगर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन सभी केंद्रों पर परीक्षा समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं की गई हैं।

कुल 8992 छात्राएं ले रही हैं परीक्षा
एसडीओ अनीता सिन्हा ने बताया कि महाराजगंज अनुमंडल में इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 8 हजार 992 छात्राएं शामिल हो रही हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन सभी केंद्रों पर परीक्षार्थी समय से पहले पहुंचीं और प्रवेश प्रक्रिया के बाद उन्हें परीक्षा कक्षों में भेजा गया।

पहले दिन 31 परीक्षार्थी रहीं अनुपस्थित
परीक्षा के पहले दिन उपस्थिति को लेकर प्रशासन ने आंकड़े जारी किए। प्रथम पाली में 26 छात्राएं अनुपस्थित रहीं, जबकि द्वितीय पाली में 5 छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हो सकीं। हालांकि अधिकांश परीक्षार्थियों की उपस्थिति से परीक्षा का माहौल सामान्य और अनुशासित बना रहा।

सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उड़नदस्ता दल लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहा है।

प्रशासन ने की अपील
अनुमंडल प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें और परीक्षा से संबंधित सभी नियमों का पालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031