Liquor Smuggling: मुंगेर में जाम में फंसी शराब से भरी कार, शीशा तोड़कर भीड़ ने लूटी बोतलें

Share

पुलिस ने कार जब्त कर बरामद किए 116 बोतल, फरार हुए तस्कर

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

मुंगेर। संतोष सहाय
तारापुर थाना क्षेत्र के बिहमा गांव में रविवार की देर रात एक हैरान करने वाली घटना हुई। सुल्तानगंज–संग्रामपुर मुख्य पथ पर जाम में फंसी एक कार में जब लोगों को भारी मात्रा में शराब का कार्टन दिखा, तो भीड़ ने कार का शीशा तोड़कर शराब की बोतलें लूट लीं। कई लोग कार्टन उठाकर ले भागे, जबकि कुछ बोतलें जेब में भरकर निकल गए। मौके पर मौजूद दोनों तस्कर भी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

भीड़ ने कार घेर ली, तस्कर छोड़कर भागे

जानकारी के मुताबिक, देवगांव विषहरी पूजा को लेकर मेले में उमड़ी भीड़ के बीच सफेद रंग की कार जाम में फंस गई थी। किसी ने जब वाहन के पीछे रखे कार्टनों पर नजर डाली तो शक गहरा गया। लोगों ने कार रोकी और उसमें बैठे दो युवकों से पूछताछ करने की कोशिश की। इसी बीच हंगामा बढ़ा और कार सवार युवक मौके से भाग खड़े हुए।

शराब की बोतलें देखकर टूट पड़ा हुजूम

जैसे ही भीड़ ने कार का शीशा तोड़ा, भीतर रखे शराब के कार्टन सबको साफ नजर आने लगे। इसके बाद लोग बोतलें लूटने लगे। कुछ लोग पूरे कार्टन लेकर भागे तो कुछ लोग हाथों में बोतलें दबाकर भीड़ में गायब हो गए। थोड़ी ही देर में वाहन में रखी आधी से ज्यादा शराब गायब हो चुकी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस, चार कार्टन बरामद

हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही तारापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर लूटपाट कर रहे लोग तुरंत भाग खड़े हुए। तलाशी में वाहन से चार कार्टन बरामद किए गए जिनमें विभिन्न ब्रांड की 116 बोतल अंग्रेजी शराब पाई गई। पुलिस ने शराब से भरी कार को जब्त कर लिया है।

वाहन से टक्कर की भी चर्चा

गांववालों का कहना है कि शराब से भरी कार ने जाम में किसी को धक्का मार दिया था। इसी विवाद के बाद भीड़ ने वाहन को रोक लिया और जब पीछे शराब के कार्टन दिखे तो हंगामा शुरू हो गया। वहीं, पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक और तस्करों की पहचान की जा रही है।

- Sponsored -

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां पहुंचाई जानी थी। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031