Bihar News: बेगूसराय में दर्दनाक हादसा : मेला देखकर लौट रहे एक ही परिवार के चार लोगों की ट्रेन से कटकर मौत

Share

साहेबपुर कमाल में आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आए लोग, घर में मचा कोहराम, पूरे गांव में पसरा मातम

बिहार न्यूज़ डेस्क l भागलपुर / पटना

केएमपी भारत न्यूज़ l संतोष सहाय l मुंगेर / बेगूसराय। छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं, जब बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में ट्रेन हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार देर रात यह हादसा बरौनी–कटिहार रेलखंड पर साहेबपुर कमाल और उमेशनगर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग पास के रघुनाथपुर गांव में काली मेला देखकर लौट रहे थे, तभी ट्रैक पार करते वक्त आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

हादसे में रहुआ गांव के धर्मदेव महतो (40), उनकी पत्नी रीता देवी (40), बेटी रोशनी कुमारी (17) और छोटी बेटी आरोही कुमारी (10) की मौके पर ही मौत हो गई। चारों शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका।

ग्रामीणों के अनुसार, धर्मदेव महतो कुछ समय से बाहर प्रदेश में मजदूरी करते थे और छठ पर्व मनाने के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे। शुक्रवार को परिवार के साथ मेला देखने गए थे। घर लौटते वक्त ट्रेन गुजरने का अंदाजा न होने से हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

- Sponsored -

रहुआ गांव में घटना के बाद मातमी सन्नाटा छा गया है। पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग कह रहे हैं कि छठ पर्व पर खुशियां मनाने आए धर्मदेव का पूरा परिवार एक साथ चला गया, जिससे पूरा गांव सदमे में है।

स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस खंड पर फाटक या ओवरब्रिज की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031