Janta Se Sakshatkar: समाहरणालय में ‘जनता से साक्षात्कार’, 42 से अधिक मामलों की सुनवाई; भूमि विवाद सबसे अधिक, 7 दिनों में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश

Share

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान |
समाहरणालय सिवान के संवाद कक्ष में शुक्रवार को “जनता से साक्षात्कार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

कार्यक्रम में कुल 42 से अधिक परिवादियों ने अपनी समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकांश आवेदन भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, अतिक्रमण और जमीन से जुड़ी कठिनाइयों से संबंधित थे। इसके अतिरिक्त कल्याणकारी योजनाएं, बैंकिंग, शस्त्र अनुज्ञप्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, नगर पंचायत, पंचायती राज विभाग और विद्युत विभाग से जुड़े मामलों के भी आवेदन प्राप्त हुए।

अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने सभी परिवाद पत्रों की यथाशीघ्र जांच कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। कई मामलों में भूमि सुधार उपसमाहर्ता सिवान सदर एवं महाराजगंज, अनुमंडल पदाधिकारी सिवान सदर तथा नामित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में थाना स्तर और अनुमंडल स्तर पर प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले “जनता से साक्षात्कार” कार्यक्रम में दोनों पक्षों को बुलाकर प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निष्पादन कराया जाए।

जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने जमीन से संबंधित अधिक मामलों को देखते हुए सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की गहन जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके। इसके साथ ही कई परिवाद पत्रों पर वरीय पदाधिकारी नामित कर जांच के आदेश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जांच पदाधिकारी अधिकतम सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। जांच के दौरान यदि किसी कर्मी या पदाधिकारी की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाले अधिकांश आवेदक ग्रामीण क्षेत्र के किसान होते हैं, जिन्हें सरकारी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी नहीं होती। ऐसे में सभी अंचलाधिकारी आम जनता को हरसंभव सहयोग दें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम के अंत में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सिवान कन्हैया कुमार ने बताया कि जनता से साक्षात्कार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031