Saharsa News: सहरसा में भीषण अगलगी: सिलाई मशीन और कपड़ा दुकान जलकर राख, 16 लाख से अधिक की क्षति

Share

सिमरी बख्तियारपुर के मुख्य बाजार में सुबह तीन बजे मची अफरा-तफरी, दमकल ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

क्राइम न्यज़ डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

विकाश कुमार। सहरसा:
जिले के सिमरी बख्तियारपुर मुख्य बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान गली में गुरुवार की अहले सुबह भीषण अगलगी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की चपेट में मु. आतिफ की सिलाई मशीन की दुकान और चंचल देवी की कपड़ा दुकान आ गई, जिससे करीब 16 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना सुबह करीब तीन बजे की है। बाजार में गश्त कर रहे चौकीदारों ने सबसे पहले दुकानों से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया और आग लगने की सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। हालांकि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि स्थानीय प्रयास नाकाफी साबित हुए।

घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक दोनों दुकानों में रखा सिलाई मशीन, कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था।

पीड़ित मु. आतिफ ने बताया कि उनकी दुकान में कई महंगी सिलाई मशीनें और ग्राहकों के तैयार होने वाले कपड़े रखे थे, जो पूरी तरह जल गए। वहीं चंचल देवी ने बताया कि त्योहार और शादी के सीजन को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में नए कपड़ों का स्टॉक रखा गया था, जो आग की भेंट चढ़ गया।

- Sponsored -

घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना के बाद दोनों प्रभावित परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031