सुरक्षा और विधि व्यवस्था के मद्देनज़र भारी वाहनों पर रोक, कई मार्ग डायवर्ट
सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।
22 जनवरी 2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की ‘समृद्धि यात्रा’ के अवसर पर सिवान जिले में सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष यातायात योजना लागू की गई है। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी तथा कई मार्गों पर परिचालन नियंत्रित रहेगा।
शहर में भारी वाहनों पर दो घंटे पहले से प्रतिबंध
कार्यक्रम से दो घंटे पूर्व सिवान शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों पर रोक रहेगी। छोटपुर बाईपास, बैशाखी मोड़, तरवारा मोड़ एवं रघुनाथपुर-आंदर मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
मैरवा (उत्तर प्रदेश बॉर्डर) से आने वाले भारी वाहन कार्यक्रम से दो घंटे पहले और छोटे वाहन 30 मिनट पहले ही यूपी सीमा में रोक दिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों का नियंत्रित परिचालन
उत्तर प्रदेश से आने वाले सभी प्रकार के भारी एवं छोटे वाहनों का परिचालन गुठनी बॉर्डर से नियंत्रित तरीके से किया जाएगा। वहीं जीरादेई मोड़ से सिवान शहर की ओर वाहनों का परिचालन भी नियंत्रित रहेगा।
सिवान की ओर आने वाले भारी वाहनों को सुता मिल के पास जीआई मोड़ की ओर मोड़ दिया जाएगा।
कई मार्गों पर पूर्ण प्रतिबंध
दरोगा राय मोड़ से हरदिया मोड़ तक सिवान शहर की ओर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रतापपुर तिनमुहानी (दरोगा राय बाईपास) से आंदर ढ़ाला तक कार्यक्रम के दौरान सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा।
आंदर की ओर से आने वाले वाहनों को हुसैनगंज चट्टी एवं डेढ़ी घाट मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा।
डेढ़ी घाट (आंदर-सिवान रोड) से आंदर ढ़ाला तक भी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ई-रिक्शा, बाइक और चारपहिया वाहनों पर भी रोक
D.A.V. मोड़ से थाना मोड़ तक सभी प्रकार की मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा एवं चारपहिया वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शा का प्रवेश स्टेशन मोड़ तक ही सीमित रहेगा, जबकि स्टेशन मोड़ से आंदर पुल तक ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
सभा स्थल के पास नो-एंट्री जोन
D.A.V. स्कूल परिसर एवं राजेन्द्र स्टेडियम (सभा स्थल) में कार्यक्रम शुरू होने से 30 मिनट पहले किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं कराया जाएगा।
रेक प्वाइंट का परिचालन कार्यक्रम समाप्त होने तक पूरी तरह बंद रहेगा।
VIP वाहनों के लिए वैकल्पिक प्रस्थान मार्ग
सभा स्थल से VIP वाहनों के लिए वैकल्पिक प्रस्थान मार्ग निर्धारित किया गया है। ये वाहन आंदर ढ़ाला होते हुए रेणुआ बाईपास, दरोगा राय कॉलेज, कचहरी ढ़ाला, गोपालगंज मोड़ से छोटपुर बाईपास के पास NH-85 के जरिए प्रस्थान करेंगे।
एम्बुलेंस और शव वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, शव वाहन एवं अन्य आकस्मिक सेवा से जुड़े वाहनों का परिचालन पूर्ववत जारी रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था भी तय
मैरवा में पार्किंग व्यवस्था
- VVIP/VIP वाहनों के लिए: आसिफ धुलाई सेंटर के पास
- प्रशासनिक वाहनों के लिए: मेडिकल कॉलेज के सामने गली में
- आम वाहनों के लिए: मस्जिद के पास क्रिकेट ग्राउंड में
सिवान शहर में पार्किंग
- VVIP/VIP एवं प्रशासनिक छोटे वाहन: एकता इंडोर स्टेडियम
- आम जनता के छोटे वाहन: रेलवे थाना व हनुमान मंदिर के पास, रेलवे स्टेशन के सामने
जीविका दीदी की बसों की विशेष व्यवस्था
राजेन्द्र स्टेडियम आने वाली सभी जीविका दीदी की बसों को हरदिया मोड़ से प्रवेश कराते हुए चमरा मंडी होते हुए सिसवन बस स्टैंड तक लाया जाएगा।
वहां से आंदर पुल के नीचे से पैदल सभा स्थल तक जाया जाएगा। बसों की पार्किंग सिसवन मोड़ मिनी टेंपू स्टैंड, साइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल के सामने, चमरा मंडी से सिसवन ढ़ाला मोड़ तक सड़क किनारे और सराय रोड कोल्ड स्टोरेज के पास की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों व पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।






