सारण : शॉर्ट सर्किट से साड़ी टेक्सटाइल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों की सामग्री खाक

Share

कंचनपुर मोहल्ले की फैक्ट्री में रात के समय लगी आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

संचालिका बबीता देवी ने बताया– करीब पांच लाख की क्षति, दमकल सेवा के विलंब पर उठे सवाल


केएमपी भारत। मांझी (सारण)। मांझी नगर पंचायत के कंचनपुर मोहल्ले में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक साड़ी टेक्सटाइल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये के कपड़े और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।

सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालते हुए आग बुझाने में जुट गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था।

रात में अचानक मची चीख-पुकार, तब खुली लोगों की आंख
फैक्ट्री की संचालिका बबीता देवी ने बताया कि रात को सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। तभी अचानक मोहल्ले में किसी ने शोर मचाया कि फैक्ट्री में आग लग गई है। लोग दौड़कर पहुंचे तो देखा कि फैक्ट्री के भीतर आग तेजी से फैल रही थी और कपड़े धू-धू कर जल रहे थे। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि कोई कुछ बचा नहीं सका।उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में प्लाज़ो, पेटीकोट, लेगिंग्स और नाइटी जैसे रेडीमेड वस्त्रों का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता था। इस हादसे में लगभग पांच लाख रुपये की सामग्री जलकर खाक हो गई।

दमकल सेवा की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने दिखाया साहस
स्थानीय लोगों ने बताया कि समय पर दमकल सेवा नहीं पहुंच सकी, जिससे आग से हुए नुकसान को रोका नहीं जा सका। यदि समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंचती, तो लाखों की क्षति से बचा जा सकता था। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और साहस से आग को फैलने से रोका गया। लोगों ने पानी और बालू की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। देर रात तक चले प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

- Sponsored -

प्रशासन को दी गई सूचना, मुआवजे की मांग
फिलहाल घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। फैक्ट्री संचालिका और ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31