Award Ceremony: महाराजगंज में प्रतिभा और संघर्ष का संगम: स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह को मिला आरपी सिंह मेमोरियल प्राइज

Share

बंगरा स्थित पुस्तकालय परिसर में सादे समारोह में हुआ सम्मान

बच्चों को भी किया गया पुरस्कृत; समाज में बराबरी और वैज्ञानिक सोच पर दिया गया जोर

एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता । महाराजगंज (सिवान)।

जिले के महाराजगंज प्रखंड अंतर्गत बंगरा गांव स्थित स्व. रघुवीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिसर में मंगलवार को एक सादे किन्तु गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह को आर पी सिंह मेमोरियल प्राइज से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राइज काउंसिल की ओर से किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत बिहार राज्य अराजपत्रित प्राथमिक शिक्षक संघ, सिवान के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह द्वारा मुख्य अतिथि स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर की गई। साथ ही उन्हें भारत का संविधान पुस्तक भी भेंट की गई, जो कार्यक्रम के उद्देश्य और विचारधारा को दर्शाता है।

- Sponsored -

इस अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के दर्जनों मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मुंशी सिंह ने अपने हाथों से बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है और बच्चों को निरंतर मेहनत कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहिए।

सम्मान ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में मुंशी सिंह ने कम्युनिस्ट नेता स्व. रामप्रवेश सिंह के साथ बिताए अपने संघर्षपूर्ण दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि स्व. रामप्रवेश सिंह ने जीवनभर समाज में समानता, भाईचारा, प्रगतिशील और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए संघर्ष किया। दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के लिए उन्होंने अनेक बार जेल यात्राएं कीं और कठिन परिस्थितियों का सामना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राइज काउंसिल के चेयरमैन राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आर पी सिंह मेमोरियल प्राइज की शुरुआत इसी वर्ष से की गई है और इसका पहला सम्मान स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह को देकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यह पुरस्कार समाजसेवा, राजनीति, पत्रकारिता, विज्ञान, साहित्य और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रदान किया जाएगा।

समारोह में बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, सिवान के प्रवक्ता राजकपूर टीपू, पत्रकार भास्कर कुमार सिंह, पुस्तकालय के मुख्य पुजारी धर्मनाथ पांडेय, निःशुल्क शिक्षा केंद्र के शिक्षक योगेश्वर पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करने का काम करते हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031