Bihar Electricity: बड़हरिया की बिजली समस्या को लेकर प्रधान सचिव से मिले भाजपा जिलाउपाध्यक्ष, स्थायी समाधान की मांग

Share

बड़हरिया सेक्शन को सीवान डिवीजन में मैपिंग करने समेत पांच प्रमुख मांगें रखीं, चांडी बाजार के पास नया पावर सब स्टेशन देने का भी आग्रह

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान/बड़हरिया। बड़हरिया प्रखंड में लगातार बनी रहने वाली बिजली की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अजय यादव से मुलाकात की। उन्होंने बड़हरिया क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, जर्जर तारों, ओवरलोडेड ट्रांसफॉर्मरों और पावर सब स्टेशन की कमी से जुड़ी समस्याओं से प्रधान सचिव को अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने पांच प्रमुख बिंदुओं पर तत्काल पहल करने की मांग रखी।

अनुरंजन मिश्रा ने बताया कि बड़हरिया में बिजली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर भी कई जगह तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को परेशानी के साथ-साथ कारोबार, सिंचाई और घरेलू कार्यों पर भी असर पड़ता है।

पहली मांग : बड़हरिया सेक्शन को सीवान डिवीजन से जोड़ने की मांग

उन्होंने कहा कि बड़हरिया सेक्शन ऑफिस वर्तमान में महाराजगंज डिवीजन के अंतर्गत आता है। बड़हरिया से महाराजगंज की दूरी करीब 32 किलोमीटर है, जबकि सीवान की दूरी महज 14 किलोमीटर है। ऐसे में बड़हरिया सेक्शन ऑफिस की मैपिंग सीवान डिवीजन में करने से प्रशासनिक निगरानी और शिकायतों के त्वरित समाधान में सुविधा होगी।

- Sponsored -

दूसरी मांग : कैल टोला पावर हाउस को सीवान ग्रिड से जोड़ने का आग्रह

बड़हरिया प्रखंड के कैल टोला स्थित पावर हाउस को सीवान ग्रिड से जोड़ने की मांग भी रखी गई। अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण विद्युत आपूर्ति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है। सीवान ग्रिड से जोड़ने पर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक बेहतर और स्थिर बनाया जा सकता है।

टाउन फीडर पर पांच नए 200 केवीए ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग

बड़हरिया टाउन फीडर पर लोड को देखते हुए कम से कम पांच अतिरिक्त 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की गई। इससे ओवरलोडिंग की समस्या कम होने और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज मिलने की उम्मीद है।

जर्जर तार-कैबल बदलने पर दिया जोर

मिश्रा ने क्षेत्र के पुराने और जर्जर तार एवं केबल को प्राथमिकता के आधार पर बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश और हवा में भी तार टूटने की घटनाएं होती हैं, जिससे घंटों बिजली बाधित रहती है।

चांडी बाजार के पास नया पावर सब स्टेशन देने की मांग

बड़हरिया प्रखंड में 29 पंचायतों और एक नगर पंचायत को देखते हुए चांडी बाजार के पास एक नया पावर सब स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। उनका कहना है कि नया सब स्टेशन बनने से बड़े क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति का दबाव कम होगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि “बड़हरिया में बिजली की समस्या बहुत गंभीर है। इसका अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान जरूरी है। इसी उद्देश्य से ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव से मिलकर क्षेत्र की पांच प्रमुख समस्याओं को उनके सामने रखा गया है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031