Siwan Encounter update: सिवान में पुलिस-अपराधी मुठभेड़ : कुख्यात लक्की तिवारी समेत पाँच गिरफ्तार, हथियार बरामद

Share

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान | कृष्ण मुरारी पांडेय
सिवान पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी लक्की तिवारी सहित पाँच अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में लक्की तिवारी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से देशी पिस्टल, कट्टा, जिंदा कारतूस, खोखा और छह मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। इसकी जानकारी सीवान के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने दी।


दरोगा राय कॉलेज के पास जुटे थे अपराधी, पुलिस ने घेरा

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना पर मुफस्सिल थाना और डी.आई.यू. की टीम ने दरोगा राय कॉलेज के पास छापेमारी की। सूचना थी कि 8–10 की संख्या में अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जुटे हैं। पुलिस टीम को देखते ही सभी आरोपी चार मोटरसाइकिल से मैरवा रोड की ओर भागने लगे। पीछा करने पर अपराधी भंटापोखर (चक्रा मोड़) के पास मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों की ओर भागे।


आत्मरक्षा में पुलिस की फायरिंग, घायल हुआ लक्की तिवारी

भाग रहे अपराधियों को जब पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो एक आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने तीन राउंड फायर किए। इसमें एक गोली कुख्यात अपराधी लक्की तिवारी के घुटने में लगी और वह घायल हो गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पंडितपुरा निवासी लक्की तिवारी के रूप में बताई।


कुख्यात लक्की तिवारी पर दर्ज हैं कई संगीन मामले

सत्यापन के बाद पुलिस ने बताया कि लक्की तिवारी पर हत्या की कोशिश, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 और 2022 में भी उस पर गुठनी और मैरवा थानों में संगीन धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। उसके साथ गिरफ्तार किए गए अपराधियों में देपेन्द्र मिश्रा, करण सिंह, विकाश कुमार और रंजीत कुमार शामिल हैं। इन सबके खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं।


बरामदगी में हथियार और मोटरसाइकिल

पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस और छह मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, ये लोग किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी कर रहे थे।

- Sponsored -

पुलिस कप्तान ने की टीम की सराहना

इस पूरी कार्रवाई में मुफस्सिल थाना प्रभारी और उनकी टीम के साथ डी.आई.यू. की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों पर लगातार सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि जिले में अपराध फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031