सराय और गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में छापेमारी, 4 आरोपी गिरफ्तार, स्मैक, मोबाइल और देशी कट्टा बरामद
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
सिवान | सक्रिय पुलिसिंग के तहत सिवान पुलिस ने गुरुवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने जहां सराय थाना क्षेत्र से स्मैक की तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में चोरी और अवैध हथियार के मामले में भी दो अभियुक्तों को धर दबोचा गया है।
सराय थाना क्षेत्र में स्मैक की खरीद-बिक्री का खुलासा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को सराय थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम मखदुम सराय मिस्कार टोली में कबाड़ की एक दुकान से स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सराय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 32 ग्राम स्मैक बरामद किया और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनवाज अली और मुर्तुजा अली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इस मामले में सराय थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 (बी)/22 के तहत कांड दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि स्मैक के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
गोरेयाकोठी में चोरी के आरोपी निकले हथियारबंद अपराधी
दूसरी ओर, गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद बाजार में गुरुवार की शाम ग्रामीणों ने टैम्पू की बैट्री चोरी करते दो युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे हथियार के बल पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं और इस्तेमाल किए गए हथियार को झाड़ी में छुपा देते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मुस्तफाबाद स्कूल के पीछे पोखर किनारे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. अरमान और मोगल अली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 303 (2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)/26/35 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
सिवान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






