सिवान पुलिस की त्वरित कार्रवाई: विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा, जांच में जुटी पुलिस
क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान।
जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के सनसनीखेज मामले में सिवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अब मामले में उपलब्ध सभी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण करा रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को महिला थाना में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ। आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया कि 28 जून 2026 को तीन नामजद युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना में सुसंगत धाराओं के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए कांड दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप कुमार, पिता कृष्णा चौधरी, निवासी सानी बगाही, थाना-बसंतपुर, जिला-सिवान, अभिमन्यु कुमार उर्फ राय जी, पिता राजेन्द्र राय, निवासी पटेढ़ी, थाना-महाराजगंज, जिला-सिवान तथा दुन्दुन कुमार, पिता शिवशंकर महतो, निवासी सानी बगाही, थाना-बसंतपुर, जिला-सिवान शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से दो का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। संदीप कुमार के विरुद्ध बसंतपुर थाना कांड संख्या-407/19, दिनांक 03.11.2019 में भारतीय दंड संहिता की धारा 272, 273, 308 तथा 30(ए)/37(सी) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वहीं दुन्दुन कुमार के विरुद्ध बसंतपुर थाना कांड संख्या-268/25, दिनांक 05.05.2025 में 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर परीक्षण कराया जा रहा है। अनुसंधान के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में गठित विशेष टीम में श्री अमन (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज), पुनि. राजू कुमार (थानाध्यक्ष, बसंतपुर थाना), पुअनि. सुमन कुमारी (थानाध्यक्ष, महिला थाना) तथा जिला आसूचना इकाई, सिवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सिवान पुलिस अधीक्षक ने मामले का त्वरित उद्भेदन करने वाली टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।






