BJP: भाजपा जिला कार्यालय में जनता दरबार: अनुरंजन मिश्रा ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों से फोन पर कराई कार्रवाई

Share

रिश्वतखोरी, स्वच्छता अभियान में अनियमितता, बाइक चोरी और आंगनबाड़ी से जुड़े मामलों पर अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

भाजपा के “प्रत्येक शनिवार सहयोग कार्यक्रम” के तहत शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय, सिवान में आम जनता, भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी के निर्देश पर किया गया, जहां भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों से मोबाइल पर बातचीत की और त्वरित समाधान का प्रयास किया।

कार्यक्रम के दौरान सबसे गंभीर मामला बड़हरिया थाना कांड संख्या 161/26 से जुड़ा सामने आया। शिकायतकर्ता रोहित माझी ने आरोप लगाया कि मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) एसआई अमित शर्मा ने न्यायालय में केस डायरी भेजने के नाम पर उनसे पांच हजार रुपये की रिश्वत ली। इसके बावजूद उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, नाम निकालने के नाम पर अतिरिक्त राशि की भी मांग की जा रही है।

इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने तत्काल पुलिस अधीक्षक सिवान पूरण झा से मोबाइल पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि कुछ पुलिसकर्मियों की कार्यशैली के कारण सुशासन सरकार की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना चढ़ावे के कोई काम नहीं किया जा रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।

- Sponsored -

इसी दौरान सदरपुर पंचायत के रानीपुर निवासी दीपक कुमार ने लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत पंचायत में पर्यवेक्षक की बहाली में अनियमितता और धांधली का आरोप लगाया। इस पर अनुरंजन मिश्रा ने तत्काल बड़हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से बात की। बीडीओ ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

जामो थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी मुकेश कुमार गिरि ने बड़हरिया रजिस्ट्री कार्यालय परिसर से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में अनुरंजन मिश्रा ने बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार से बातचीत कर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया। वहीं नौतन प्रखंड से आए आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित शिकायतों पर भी उन्होंने नौतन सीडीपीओ से फोन पर चर्चा कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।

अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक शनिवार भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित इस सहयोग कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सुनना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कराना है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री हरेंद्र कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी सत्यम सिंह सोनू, मीडिया प्रभारी आदित्य पाठक, सरल यादव तथा लालबाबू तिवारी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031