Siwan News: यूपी नंबर की एंबुलेंस से बिहार भेजी जा रही थी शराब की खेप, नौतन में एंबुलेंस से 20 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद, चार गिरफ्तार

Share


दो महिलाओं समेत चार तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान l
शराबबंदी वाले बिहार में तस्करों की चालाकियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी एंबुलेंस, तो कभी पुलिस वाहन की नकल कर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश की जाती है। ताजा मामला नौतन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने यूपी नंबर की एक मारुति सुजुकी एंबुलेंस से 20 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान वाहन में सवार दो महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

थानाध्यक्ष शशि रंजन ने बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक एंबुलेंस में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सभी संभावित मार्गों पर जांच शुरू की। इसी बीच उत्तर प्रदेश की ओर से आती एक एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन से ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 20 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के मिठनपुरा गांव निवासी राजेश कुमार, यूपी के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव निवासी हिमांशु पांडेय, तथा वैशाली जिले के बिंदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुपुर गांव निवासी ललिता देवी और कमली देवी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि शराब को यूपी से लाकर बिहार के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करने की योजना थी। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और उन्हें जेल भेज दिया गया है।

शराबबंदी लागू होने के बाद से तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की सप्लाई कर रहे हैं। इससे पहले भी कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों का इस्तेमाल अवैध शराब ढोने के लिए किया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि जिले में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

- Sponsored -

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031