सीवान : भगवानपुर हाट में गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या: दहेज के लिए पति बना हैवान

Share

प्रीति की शादी को सिर्फ एक साल हुआ था, ससुराल वाले कर रहे थे कैश और गाड़ी की मांग; पति गिरफ्तार, बाकी फरार

केएमपी भारत । भगवानपुर हाट (सीवान)।

जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के डेहरी गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। दहेज की लालच में एक पति ने अपनी ही गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सिपार गांव निवासी कृष्णा महतो की 20 वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है।

शादी के कुछ महीने बाद ही शुरू हो गया था अत्याचार

प्रीति की शादी पिछले साल डेहरी गांव निवासी लड्डू महतो के बेटे पप्पू महतो (25) से हुई थी। शादी के बाद कुछ ही महीनों में ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आने लगा। मृतका के पिता कृष्णा महतो के अनुसार, पप्पू महतो और उसके परिवार वाले लगातार दहेज में नगद पैसे और एक चारपहिया वाहन की मांग कर रहे थे। जब मांगें पूरी नहीं हुईं, तो प्रीति पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार बढ़ते चले गए।

गले पर दबाव के स्पष्ट निशान, हत्या की आशंका गहराई

बीती रात ग्रामीणों से सूचना मिली कि प्रीति अपने ससुराल में मृत पड़ी है। जब मायके वाले घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि प्रीति के गले पर गला घोंटने के स्पष्ट निशान थे। इससे यह आशंका और मजबूत हुई कि उसकी निर्ममता से हत्या की गई है। ग्रामीणों के अनुसार, वह गर्भवती भी थी, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।

पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार, बाकी आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाना के एसआई अनिरुद्ध कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति पप्पू महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, उसकी मां, छोटा भाई (देवर) और बहन (ननद) घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गांव में मातम, लोगों में आक्रोश

प्रीति की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में इस अमानवीय घटना को लेकर भारी गुस्सा देखा जा रहा है। मृतका के माता-पिता और परिजन बेसुध हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930