Siwan: सरकार पहुंची पंचायत के द्वार: सहयोग शिविर में मौके पर सुलझीं कई समस्याएं, 30 दिन में समाधान की गारंटी

Share

सिवान जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित हुए सहयोग शिविर, जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र व अन्य योजनाओं का लाभ मिला

अधिकारियों ने लोगों से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन करने की अपील की

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान |

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सहयोग शिविर” के तहत बुधवार को सिवान जिले की विभिन्न पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की “सरकार आपके द्वार” अवधारणा को साकार करने की दिशा में यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है।

शिविर में जिलास्तरीय एवं प्रखंडस्तरीय अधिकारियों ने स्वयं पंचायतों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहने से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें और आवेदन दर्ज कराए।

प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बिहार सरकार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित कर रही है। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना तथा उनकी समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है।

- Sponsored -

उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। यदि निर्धारित समय-सीमा में किसी आवेदन का निपटारा नहीं होता है तो संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। इससे शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों सुनिश्चित होंगी।

शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कई लोगों को जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, दिव्यांगता (निःशक्तता) प्रमाण-पत्र, रैयतों के बीच प्रपत्र-7 पर्चा सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब सरकारी सेवाएं उनके गांव तक पहुंच रही हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इन विभागों से संबंधित शिकायतें और आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।

राज्य सरकार के “सात निश्चय-3” के महत्वपूर्ण संकल्प “सबका सम्मान, जीवन आसान” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों से अधिकाधिक संख्या में सहयोग शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि पंचायत स्तर पर लोगों को सभी आवश्यक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने कहा कि जो लोग किसी कारणवश शिविर में उपस्थित नहीं हो सके, वे सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें और आवेदन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। पोर्टल पर आवेदन की स्थिति की निगरानी की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आवेदक अपने मामले की प्रगति की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपनी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराने की अपील की।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930