Bihar Education: 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान, सभी स्कूलों को दिए गए विस्तृत निर्देश

Share

राष्ट्रीय ध्वज फहराने, ‘वंदे मातरम्’ गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेल्फी अपलोड और सोशल मीडिया प्रचार पर रहेगा विशेष जोर

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान को लेकर बिहार शिक्षा परियोजना मिशन, सिवान ने जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा) की ओर से जारी पत्र में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रधान शिक्षकों को अभियान का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

पत्र के अनुसार यह अभियान भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशों के आलोक में आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

निर्देश में कहा गया है कि अभियान की अवधि के दौरान प्रत्येक विद्यालय अपने क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सकें।

सेल्फी अपलोड करने की भी अपील

शिक्षा विभाग ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की है। इससे अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय उत्सव को डिजिटल माध्यम से भी व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।

- Sponsored -

विद्यालयों में होंगे विविध कार्यक्रम

अभियान के दौरान विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, राष्ट्रभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी तथा देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ सीखने और कंठस्थ करने के लिए भी प्रेरित किया गया है।

विद्यालय परिसर में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार तिरंगा प्रदर्शनी, देशभक्ति संदेश और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार विद्यालयों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से करने को कहा गया है।

फोटो और प्रतिवेदन सुरक्षित रखने के निर्देश

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि के उच्च गुणवत्ता वाले फोटो एवं संक्षिप्त प्रतिवेदन सुरक्षित रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जा सके। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में अभियान की सतत निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है।

निर्देश में यह भी कहा गया है कि अभियान के संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्यक्रम समयबद्ध, गरिमापूर्ण और गुणवत्तापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं तथा भारत सरकार और बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह अभियान विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930