79वें स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम की तैयारी शुरू
6 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए ‘हर घर तिरंगा’ पर होगी विशेष चर्चा; विद्यार्थियों को किया जाएगा पुरस्कृत
एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l महाराजगंज।
79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बंगरा स्थित रघुबीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से पत्र जारी कर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, महाराजगंज को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुस्तकालय सह वाचनालय परिवार की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को विशेष रूप से आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं शहीद देवशरण सिंह की पुत्रवधू प्रतिभा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। समारोह में क्षेत्र के विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल होंगे।

पुस्तकालय सह वाचनालय के अध्यक्ष कुमार आशुतोष ने बताया कि केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर पुस्तकालय समिति द्वारा संचालित निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के बीच विभिन्न विषयों पर विशेष चर्चा एवं प्रस्तुति कराई जाएगी। इसके लिए बच्चों की तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सहित शामिल सभी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बच्चों में देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व की समझ विकसित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। तैयारी की जिम्मेदारी समिति के सदस्य जलेश्वर सिंह, भास्कर कुमार, जोगेश्वर पाण्डेय, शिक्षिकाएं खुशी और बबली तथा शिक्षक पीयूष कुमार संभाल रहे हैं।

पुस्तकालय सह वाचनालय परिवार के मानद सदस्य कुमार राजकपूर टीपू ने कहा कि बलिदानियों की भूमि बंगरा के नवागत बच्चों को गांव की मिट्टी और उसके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की जानकारी देना समय की आवश्यकता है।







