सीवान : 2.37 लाख में बना है यह शौचालय, शिलापट्ट शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की गली में है

Share

श्यामलाल जैन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, दरौली में 2.37 लाख की लागत से बना शौचालय का हाल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था उद्घाटन, लोग बोले- घटिया सामग्री से हुआ निर्माण, राशि का कर लिया गया है बंदरबांट

दरौली (सीवान)।
श्यामलाल जैन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, दरौली में 2.37 लाख की लागत से बना शौचालय इन दिनों विवाद का कारण बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि इस शौचालय का शिलापट्ट विद्यालय में नहीं, बल्कि सीवान में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की गली में रखा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब शौचालय स्कूल में बना, तो उसका शिलापट्ट कार्यालय की गली की शोभा क्यों बढ़ा रहा है?

1946 में बना था स्कूल, 700 से अधिक छात्र पढ़ते हैं

दरौली प्रखंड का यह स्कूल वर्ष 1946 में श्यामलाल जैन द्वारा अपनी जमीन पर बनवाया गया था और बाद में इसे सरकार को दान दे दिया गया। आज इस विद्यालय में 700 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ने किया था उद्घाटन

7 जनवरी 2025 को सिवान आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस शौचालय का विधिवत उद्घाटन किया था। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। हालांकि उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद शौचालय की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे।

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

गांव के केदार पंडित, अजय लाल श्रीवास्तव, मुन्ना गुप्ता और बच्चा गुप्ता सहित कई लोगों ने आरोप लगाया है कि शौचालय के निर्माण में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है। उनका कहना है कि निर्माण में भारी घोटाला हुआ और राशि का बंदरबांट कर लिया गया। पुराने निर्माण पर ही नया निर्माण कर लिया गया है, और जिम्मेदारों ने सरकार की राशि का बंदर बांट कर लिया है।

प्रधानाचार्य नदारद, जवाब देने वाला कोई नहीं

जब इस मामले में प्रधानाचार्य सुनील यादव से बात करने की कोशिश की गई, तो वे विद्यालय में मौजूद नहीं मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती गई और जिम्मेदार अधिकारियों से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31