Kushinagar news : चचेरी बहू ने ससुर की पीट-पीटकर कर दी हत्या

Share

– कीचड़ हटाने को कहने पर उतारू हुई मौत का खेल, भूमि विवाद भी बना वजह

सेंट्रल डेस्क, केएमपी भारत, गोरखपुर
कुशीनगर | जटहा बाजार:

जटहा बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा टोला मंसाछापर में बुधवार दोपहर रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक चचेरी बहू ने महज दरवाजे से कीचड़ हटाने की बात को लेकर अपने अधेड़ ससुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह छत के रास्ते भाग निकली लेकिन पुलिस ने उसे गांव के बाहर खेत से गिरफ्तार कर लिया।

दरवाजे पर कीचड़ देखकर टोकना पड़ा भारी
मंसाछापर गांव निवासी 50 वर्षीय जंत्री यादव बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे खेत से लौटे तो देखा कि उनके दरवाजे के पास नाबदान का कीचड़ जमा है, जो उनके भाई रामप्रीत की बहू रीना देवी ने डाला था। जब उन्होंने रीना से उसे हटाने को कहा तो वह भड़क उठी और पास में पड़ी लकड़ी के गुटके से उन पर ताबड़तोड़ वार करने लगी।

हमले के बाद छत के रास्ते हुई फरार
गंभीर रूप से घायल जंत्री यादव की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी बहू बांस की सीढ़ी के सहारे छत से होकर पीछे के रास्ते फरार हो गई। जंत्री की पत्नी कमलावती देवी जब घर लौटीं तो पति को खून से लथपथ देखा और शोर मचाया। घटना की जानकारी तेजी से पूरे गांव में फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने खेत से दबोचा, भूमि विवाद की भी चर्चा
सूचना मिलते ही जटहा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी महिला रीना देवी को गांव के बाहर एक खेत से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह छिपी हुई थी। बताया जा रहा है कि महिला भूमि विवाद को लेकर पहले से ही जंत्री यादव से नाराज थी और यही हत्या की बड़ी वजह मानी जा रही है।

बेटे के ससुराल रहने के दौरान हुई घटना
जंत्री यादव का इकलौता बेटा अरुण यादव अपनी पत्नी सुनीता के साथ मंगलवार को ही अपने ससुराल खड्डा थाना क्षेत्र के कोहरगड्डी गांव गया हुआ था। इस दौरान घर में केवल जंत्री और उनकी पत्नी मौजूद थे।

- Sponsored -

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग रिश्तों में आती दरारों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031