Siwan: सांसद व विधायक से 10 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार, बंगाल से दबोचा गया आरोपी

Share

तकनीकी जांच और एसटीएफ की टीम ने की बड़ी कार्रवाई

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान। जिले में सांसद श्रीमति विजय लक्ष्मी कुशवाहा और बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को सिवान पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि गुरुवार को सीवान के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने प्रेस वार्ता में की। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में सिवान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसने तकनीकी अनुसंधान, कॉल डिटेल विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।

घटना 03 दिसंबर 2025 की है, जब सांसद और विधायक के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। धमकी दी गई थी कि पैसा नहीं देने पर जान से मार दिया जाएगा। इस मामले में विधायक की ओर से मैरवा थाना में 06 दिसंबर को तथा सांसद की ओर से जी.बी. नगर थाना में 05 दिसंबर को आवेदन दिया गया था, जिसके आधार पर दोनों थानों में अलग-अलग कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने कॉल की लोकेशन और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी का ठिकाना पश्चिम बंगाल में चिन्हित किया। इसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान बृजेश यादव, पिता संजय यादव, निवासी– पतार भूसी टोला, थाना– रघुनाथपुर, जिला– सिवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले चेन्नई में मजदूरी का काम करता था और स्थानीय स्तर पर उसके विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसका उपयोग रंगदारी मांगने में किया गया था। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।

- Sponsored -

इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधियों को धमकी देने या रंगदारी मांगने जैसे अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आगे भी ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930