Munger: धरहरा में रंगदारी को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन बदमाश दबोचे गए

Share

ग्रामीणों के साहस से टली बड़ी वारदात, एक बाल-बाल बचा, दो आरोपी फरार

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

धरहरा (मुंगेर)। संतोष सहाय
धरहरा थाना क्षेत्र के पंचरुखी (पचरूखी) गांव में गुरुवार रात रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों ने एक व्यक्ति की जान लेने की नीयत से गोली चलाई, लेकिन संयोगवश पीड़ित बाल-बाल बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तीन बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक लोग सहमे रहे।

पहले भी दी थी रंगदारी की धमकी
पीड़ित छोटू कुमार तांती (38) ने बताया कि तीन जनवरी को आरोपी पहली बार उसके घर पहुंचे थे और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पीड़ित ने इस संबंध में आरोपियों के स्वजनों से शिकायत की थी, जिसके बाद कुछ दिनों तक मामला शांत रहा। लेकिन गुरुवार रात आरोपियों ने फिर से दबाव बनाना शुरू कर दिया।

घर में घुसकर उत्पात, चेन छीनी
पीड़ित के अनुसार, गुरुवार की रात आरोपी उसके घर पहुंचे और रंगदारी देने का दबाव बनाने लगे। मुख्य आरोपी छोटू कुमार ने कमर से पिस्टल निकालकर उसे तान दी। इसी दौरान उसके साथ आए दो अन्य लोगों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन छीन ली। जान बचाने के लिए छोटू कुमार तांती घर की ओर भागा तो बदमाशों ने पीछा करते हुए फायरिंग कर दी।

ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत
गोली की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और भाग रहे तीन आरोपियों—छोटू कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ गोलू और अभिनव कुमार उर्फ नब्बा—को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तलाशी ली तो मुख्य आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

- Sponsored -

पुलिस कार्रवाई, फरारों की तलाश
सूचना मिलते ही धरहरा थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने हथियार जब्त कर लिए हैं। घटना में शामिल सुमन कुमार तांती उर्फ बिसिया और राजेश कुमार उर्फ पोचा फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

थानाध्यक्ष का बयान
थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि रंगदारी, फायरिंग और लूटपाट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930