Motihari: तेज रफ्तार पिकअप ने डेढ़ साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित लोगों ने सड़क पर की आगजनी

Share

छतौनी थाना क्षेत्र के सिनेमा चौक के पास हादसा, मोतिहारी–ढाका मुख्य मार्ग घंटों रहा जाम, वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप से खुला रास्ता

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

मोतिहारी से ब्रजेश कुमार झा की रिपोर्ट। पूर्वी चंपारण जिले के छतौनी थाना क्षेत्र में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। मोतिहारी–ढाका मुख्य मार्ग पर सिनेमा चौक के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने डेढ़ वर्ष के एक मासूम बच्चे को रौंद दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर जाम लगा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन काफी तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया। सड़क किनारे मौजूद मासूम को कुचलते हुए वाहन मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे और रोते-बिलखते हुए सड़क पर बैठ गए।

स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार का साथ देते हुए सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर टायर और कचरा जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए लोग पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं थे। स्थिति को संभालने के लिए बाद में वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों की मदद से लोगों को समझाया गया, तब जाकर काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया और यातायात बहाल हो सका।

- Sponsored -

मृतक के पिता रामकुमार ने बताया कि उनका बच्चा घर के पास खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे कुचल दिया। उन्होंने दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर करता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930