राजेंद्र स्टेडियम से लेकर सरकारी कार्यालयों तक लहराया तिरंगा, जिले ने विकास की नई उड़ान का लिया संकल्प
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।
जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए सिवान के विकास की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया और विकसित बिहार के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प का आह्वान किया।

डीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत सभी जिलावासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं के साथ की। उन्होंने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिवान जिले के जीरादेई के निवासी थे, जिन्होंने संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर
डीएम बोले– विकसित बिहार का सपना साकार करने को सभी विभाग कर रहे हैं समन्वित प्रयास
जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आज चतुर्दिक प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार की योजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं और आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। सिवान जिला भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां
टीआरई-03 से 1224 शिक्षक नियुक्त, लाखों छात्र-छात्राएं योजनाओं से लाभान्वित
डीएम ने बताया कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत टीआरई-03 के तहत जिले में 1224 शिक्षक विद्यालयों में योगदान कर चुके हैं। जिले के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक नामांकित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक एवं डायरी उपलब्ध कराई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य योजना के तहत 83 हजार से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पोशाक योजना से लगभग 2 लाख छात्र-छात्राओं को लाभ मिला है। छात्रवृत्ति योजना में 1 लाख 82 हजार तथा मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत 13 हजार 600 छात्र-छात्राओं को सहायता दी गई है। कन्या उत्थान योजना से 19 हजार से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार
33 लाख मरीजों का निःशुल्क इलाज, 62 बच्चों का हुआ मुफ्त हृदय ऑपरेशन
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों पर डीएम ने विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मैरवा प्रखंड में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सदर अस्पताल में मॉडल अस्पताल का संचालन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले में लगभग 2 लाख बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 62 गंभीर बीमार बच्चों का अहमदाबाद में निःशुल्क हृदय ऑपरेशन कराया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 33 लाख मरीजों को ओपीडी में निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया गया है।

राजस्व और भूमि सुधार में बड़ी सफलता
साढ़े तीन लाख दाखिल-खारिज मामले निपटे, 924 परिवारों को मिला भूमि पर्चा
राजस्व विभाग की उपलब्धियों पर डीएम ने बताया कि साढ़े तीन लाख से अधिक दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन किया गया है। अभियान बसेरा-2 के तहत 959 योग्य परिवारों में से 924 को भूमि का पर्चा उपलब्ध कराया गया है।
पंचायती राज और ग्रामीण विकास में मजबूती
67 पंचायत सरकार भवन पूर्ण, 29 हजार सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित
पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करते हुए जिले में 67 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूर्ण कर पंचायतों को हस्तांतरित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री निश्चय पार्ट-2 के अंतर्गत 29 हजार से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी और सुरक्षा दोनों बढ़ी है।
सिवान को मिलेगा 620 सीटों वाला अटल कला भवन
भैंसाखाल में ऑडिटोरियम निर्माण कार्य प्रगति पर
भवन निर्माण विभाग द्वारा जीरादेई प्रखंड के भैंसाखाल में 620 सीट क्षमता वाला अटल कला भवन (ऑडिटोरियम) बनाया जा रहा है। डीएम ने इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया।
सड़क और बिजली से बदली सिवान की तस्वीर
125 यूनिट मुफ्त बिजली, 13 हजार किसानों को सिंचाई कनेक्शन
पथ प्रमंडल द्वारा मैरवा-दरौली पथ का चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। वहीं बिजली विभाग के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। 13 हजार से अधिक किसानों को सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन मिला है।
किसानों और युवाओं के लिए नई राहें
70 हजार किसानों की बनी फार्मर आईडी, 3 अरब से अधिक का शिक्षा ऋण
कृषि विभाग द्वारा 70 हजार किसानों का फार्मर आईडी बनाया जा चुका है। सात निश्चय योजना के तहत 13,500 छात्रों को 3 अरब 16 करोड़ रुपए का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया गया है। 1 लाख 6 हजार युवाओं को कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण दिया गया है।
गरीबों को घर, रोजगार और सम्मान
मनरेगा से 37 लाख मानव दिवस, 2805 आवास पूर्ण
प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत हजारों घर बनाए गए हैं। मनरेगा से 37 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित हुए हैं।
समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण पर जोर
4 लाख पेंशनधारी, मिशन शक्ति से महिलाओं को संबल
डीएम ने बताया कि 4 लाख वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को पेंशन मिल रही है। मिशन शक्ति और महिला विकास योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
मद्यनिषेध, खेल और जीविका से बदला सामाजिक परिदृश्य
शराबबंदी पर सख्ती, स्टेडियम और रोजगार से नई पहचान
मद्यनिषेध कानून का सख्ती से पालन किया जा रहा है। जिले में खेल मैदान और स्टेडियम बन रहे हैं। जीविका दीदियों के माध्यम से रोजगार और सामाजिक जागरूकता का विस्तार हुआ है।
अंत में संकल्प और जय हिंद के उद्घोष के साथ समापन
डीएम ने दिलाया विकसित बिहार का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी से नशा मुक्त, स्वच्छ और हरित बिहार के निर्माण का संकल्प दिलाया। समारोह का समापन तीन बार ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ हुआ।







