देवरिया : ननिहाल में दर्दनाक हादसा: पोखरी में डूबे दो मासूम भाई, मां की चीखों से गूंज उठा गांव

Share

मईल थाना क्षेत्र के बगही गांव में हुआ हादसा, ननिहाल आए थे मां के साथ; खेलते-खेलते पोखरी में उतरे, फिर लौटकर नहीं आए

देवरिया | बगहीमईल थाना क्षेत्र के बगही गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। दोनों भाई अपनी मां के साथ ननिहाल आए थे और खेलते हुए पोखरी के पास चले गए। स्नान के दौरान गहराई में चले जाने से दोनों की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलते-खेलते पहुंचे पोखरी के पास, फिर नहीं लौटे वापस

बगही गांव निवासी रीना की शादी नरियांव गांव के अरुण यादव से हुई है। बीते सप्ताह सोमवार को रीना अपने दो बेटों अनुराग (7) और अंकित (6) तथा एक बेटी के साथ मायके बगही आई थीं। मंगलवार की दोपहर दोनों बेटे खेलते-खेलते घर से थोड़ी दूर स्थित पोखरी के पास पहुंच गए। वहीं नहाने लगे।बहुत देर तक जब वे वापस नहीं लौटे तो मां रीना ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पोखरी में दो शव उतराते देखे और शोर मचाया।

पोखरी से निकाले गए शव, अस्पताल ले जाते समय टूट गईं उम्मीदें

शोर सुनकर गांव वाले पोखरी की ओर दौड़े और दोनों बच्चों के शव को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भागलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मासूमों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। रीना बदहवास हो गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव में पसरा मातम, हर आंख नम

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई स्तब्ध है कि खेलने निकले मासूम भाई अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, अब वहां मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31