Crime Control: सिवान में STF की बड़ी कार्रवाई: भू-माफिया और पेशेवर अपराधी विशाल सिंह गिरफ्तार

Share

मैरवा बाजार से दबोचा गया वांछित अभियुक्त, कई गंभीर मामलों में था फरार; पुलिस ने कहा—अपराधियों पर लगातार जारी रहेगा अभियान


डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान | प्रतिनिधि

जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सिवान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने लंबे समय से वांछित पेशेवर अपराधी और भू-माफिया विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी मैरवा बाजार से की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में फरार अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 7 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2, मैरवा) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में मोती छापर निवासी विशाल सिंह को दबोच लिया गया।


कई संगीन मामलों में था वांछित

गिरफ्तार अभियुक्त विशाल सिंह मैरवा थाना कांड संख्या 364/25 में वांछित था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराएं लगी हुई हैं। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और इलाके में भय का माहौल बना रखा था।


आपराधिक इतिहास रहा है लंबा

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विशाल सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और गंभीर रहा है। उसके खिलाफ रंगदारी, अवैध हथियार रखने और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 से लेकर 2023 तक विभिन्न कांडों में उसका नाम सामने आता रहा है। इनमें रंगदारी मांगने और हथियारों के इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।


न्यायिक हिरासत में भेजा गया

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे जिले में सक्रिय अन्य अपराधियों के नेटवर्क का भी पता लगाया जा सकता है।


अभियान रहेगा जारी: पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार और वांछित अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


इलाके में बढ़ी सुरक्षा, लोगों ने ली राहत की सांस

विशाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद मैरवा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी।


Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031