BPSC Exam: सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा को लेकर सिवान में तैयारी पूरी, 21 केंद्रों पर होगी परीक्षा

Share

14 अप्रैल से तीन चरणों में आयोजित होगी परीक्षा; प्रशासन अलर्ट

एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान :
सिवान। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सिवान जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा का आयोजन 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक तीन चरणों में किया जाएगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा का प्रथम चरण 14 एवं 15 अप्रैल, द्वितीय चरण 17 एवं 18 अप्रैल तथा तृतीय चरण 20 एवं 21 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। सभी परीक्षाएं निर्धारित केंद्रों पर कड़ी निगरानी में संपन्न होंगी। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

सिवान जिले में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अधिकांश केंद्र हाई स्कूल, निजी स्कूल और कॉलेजों में स्थापित किए गए हैं। खास बात यह है कि पूरे जिले में केवल दो मध्य विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जबकि बाकी सभी केंद्र उच्च विद्यालयों एवं निजी शिक्षण संस्थानों में स्थित हैं।

आदर्श राजकीय भीएम मध्य विद्यालय, सिवान के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश प्रसाद ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कर लिया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

- Sponsored -

प्रशासन की ओर से सभी केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, दंडाधिकारी की तैनाती तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने तथा प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रखने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से दूर रहें।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031