Siwan: PM सूर्य घर योजना के तहत 3 KW तक ₹78 हजार सब्सिडी, 18 लाभार्थियों को मिला ऑन-द-स्पॉट लोन; 36 वेंडर्स ने लगाए स्टॉल

Share

सिवान में सोलर मेले का आयोजन, 76 लोगों ने मौके पर किया आवेदन

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान | संवाददाता
जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन, समाहरणालय परिसर में बुधवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का उद्देश्य लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना और उन्हें सस्ती व स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय (IAS) ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और सोलर सिस्टम से होने वाले आर्थिक व पर्यावरणीय फायदे की जानकारी दी।

मेले में आए लोगों को ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, इंस्टॉलेशन प्रक्रिया और रखरखाव के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से 1 किलोवाट पर ₹30 हजार, 2 किलोवाट पर ₹60 हजार और 3 किलोवाट तक के सिस्टम पर ₹78 हजार तक की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि 1 किलोवाट का सोलर सिस्टम औसतन 100 यूनिट प्रति माह बिजली उत्पादन करता है, जिससे बिजली बिल में बड़ी कमी लाई जा सकती है।

इस सोलर मेले की खास बात यह रही कि इसमें कुल 36 सोलर वेंडर्स ने भाग लिया और अपने उत्पादों व सेवाओं का प्रदर्शन किया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम की लागत, गुणवत्ता और वारंटी से जुड़ी जानकारी दी। इसके अलावा सभी प्रमुख सरकारी बैंकों ने भी स्टॉल लगाए, जहां लोगों को ऋण संबंधी जानकारी और परामर्श दिया गया।

मेले में ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए, जो योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है। वहीं 18 लाभार्थियों को मौके पर ही ऋण स्वीकृत कर वितरण किया गया, जिससे वे जल्द ही अपने घरों में सोलर सिस्टम लगा सकेंगे।

जिला पदाधिकारी ने मेले में लगे सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और वेंडर्स से बातचीत कर उनकी सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने पहले से सोलर सिस्टम लगाकर लाभ प्राप्त किया है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, विद्युत कार्यपालक अभियंता रोशन कुमार, महाराजगंज के कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार, लीड बैंक मैनेजर सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि इससे आम लोगों को लंबे समय में आर्थिक बचत भी होती है। कार्यक्रम के अंत में NBPDCL, जिला प्रशासन, बैंकों और वेंडर्स के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930