Siwan Protest: सीवान में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: पांडव कुमार हत्या मामले में न्याय की माँग, पीएम का पुतला दहन

Share

जेपी चौक पर जुटे कार्यकर्ता; बढ़ते अपराध, पटना रेप पीड़िता को न्याय और नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की उठी आवाज

पॉलिटिकल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सीवान । संवाददाता।

बिहार के युवक पांडव कुमार की दिल्ली में हुई हत्या के विरोध में कांग्रेस ने पूरे राज्य में आक्रोश प्रदर्शन किया। इसी क्रम में सीवान जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में शहर के जेपी चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “पांडव कुमार को न्याय दो”, “बिहारियों को निशाना बनाना बंद करो”, “पटना रेप पीड़िता को न्याय दो” और “बढ़ते अपराध पर रोक लगाओ” जैसे नारे लगाए। पूरे इलाके में काफी देर तक राजनीतिक माहौल गरम रहा और लोगों की भीड़ जुटी रही।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली, केंद्र और बिहार—तीनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी बिहार के युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ बिहारी पहचान होने के कारण पांडव कुमार की हत्या कर दी गई, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।

- Sponsored -

किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने पटना रेप पीड़िता के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि न्याय की मांग कर रहे कांग्रेस नेताओं पर ही मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि न्याय की आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।

कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने सीवान समेत बिहार के कई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

वहीं कांग्रेस नेता शहाबुद्दीन शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस सीवान में हर वर्ग की आवाज बनेगी और अन्याय के खिलाफ लड़ाई को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, अतिपिछड़ा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, मो. हक, रिजवान अहमद, संजय कुमार, मनुल कुमार मिश्रा, हसरत अली, अरबाज अली, मुन्ना कुमार और संदेश ठाकुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30