World Press Freedom Day: प्रेस स्वतंत्रता लोकतंत्र की ताकत, जिम्मेदार पत्रकारिता समय की जरूरत: डीएम

Share

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर जिला प्रशासन का संदेश, अफवाहों से बचने और सकारात्मक रिपोर्टिंग की अपील

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान l

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, सिवान ने जिले के सभी पत्रकारों, मीडियाकर्मियों और समाचार जगत से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी भूमिका को लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने अपने संदेश में कहा कि प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है और इसकी स्वतंत्रता किसी भी स्वस्थ एवं जागरूक समाज की पहचान होती है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो निर्भीक होकर सच्चाई को सामने लाते हैं। प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की भूमिका सेतु के समान है। विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी पत्रकारों का योगदान अहम होता है। डीएम ने विशेष रूप से कोविड-19 महामारी, बाढ़, आगजनी और लू जैसी आपदाओं के दौरान मीडिया की सक्रियता और जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सही और समय पर सूचनाएं लोगों तक पहुंचाईं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह प्रेस की स्वतंत्रता, सुरक्षा और गरिमा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है, जिससे संवाद और सहयोग की प्रक्रिया मजबूत हो सके।

इस अवसर पर प्रशासन ने पत्रकारों से कुछ महत्वपूर्ण अपील भी की। इसमें सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया, ताकि विकासात्मक और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता मिल सके। साथ ही सोशल मीडिया के दौर में बढ़ती अफवाहों पर चिंता जताते हुए कहा गया कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। विशेषकर आपदा की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को प्राथमिकता देने की अपील की गई।

इसके अलावा इस वर्ष की थीम को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण पत्रकारिता को भी बढ़ावा देने की बात कही गई। जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण और खेतों में आग की घटनाओं की रोकथाम जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण बताई गई। डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए पत्रकारों से अपनी डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया गया।

अंत में जिला प्रशासन ने उन पत्रकारों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता के लिए वह हमेशा सहयोग और समर्थन देने के लिए तैयार है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31