Skill Development: छपरा में युवाओं के लिए सुनहरा मौका: 7 मई को रोजगार–कौशल कार्यशाला, इंटर्नशिप से हर माह ₹9,000 तक का लाभ

Share

सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल; भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में दो घंटे का सत्र, विशेषज्ञ देंगे करियर गाइडेंस

डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

छपरा । कृष्ण मुरारी पांडेय।

युवाओं को रोजगार और कौशल विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से 07 मई को शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह (सभागार कक्ष) में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार कौशल विकास मिशन, पटना के मिशन निदेशक करेंगे। कार्यशाला का मकसद जिले के युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं से अवगत कराते हुए उन्हें इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जोड़ना है।

इस कार्यशाला में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना (बिहार) और राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS) जैसे कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इन योजनाओं के जरिए युवा न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव और कौशल प्रशिक्षण भी मिलेगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना: हर माह ₹9,000 तक सहायता
इस योजना के तहत 18 से 25 वर्ष के युवक-युवतियों को 6 से 9 माह की इंटर्नशिप का अवसर दिया जाता है। चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप के दौरान ₹9,000 प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही जॉइनिंग के समय ₹6,000 की एकमुश्त राशि भी प्रदान की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-116090 जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना: योग्यता के अनुसार स्टाइपेंड
बिहार सरकार की इस योजना के तहत 12वीं पास युवाओं को ₹4,000, आईटीआई या डिप्लोमा धारकों को ₹5,000 और स्नातक युवाओं को ₹6,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। खास बात यह है कि यदि कोई युवा अपने गृह जिले से बाहर इंटर्नशिप करता है तो उसे ₹2,000 अतिरिक्त और राज्य से बाहर जाने पर ₹5,000 तक अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

NAPS: उद्योगों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग
राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ना है। इसके तहत प्रशिक्षण के दौरान स्टाइपेंड के साथ-साथ उद्योगों द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र भी दिया जाता है, जिससे युवाओं की रोजगार योग्यता में वृद्धि होती है।

विशेषज्ञ करेंगे मार्गदर्शन, शंकाओं का समाधान
कार्यशाला में जिले के प्रमुख नियोजक, शैक्षणिक संस्थान और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। वे युवाओं को करियर से जुड़ी जानकारी देंगे और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।

युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
अवर प्रादेशिक नियोजनालय, छपरा के नियोजन पदाधिकारी ने जिले के युवाओं, संस्थानों और नियोजकों से अपील की है कि वे इस कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचार कार्यक्रमों के माध्यम से सारण के युवाओं को आर्थिक सहायता के साथ-साथ बेहतर कौशल प्रशिक्षण मिलेगा, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031