Sahyog Shivir: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल सिवान को देंगे 415 करोड़ की सौगात, पपौर में सहयोग शिविर से जनता को मिलेगा सीधा लाभ

Share

18 योजनाओं का शिलान्यास, 26 योजनाओं का उद्घाटन; 20 विभागों के स्टॉलों का करेंगे निरीक्षण, विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार, 16 जून को सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड स्थित पपौर पंचायत पहुंचेंगे, जहां वे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सबका सम्मान, जीवन आसान” के तहत आयोजित सहयोग शिविर में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है, क्योंकि इस अवसर पर सिवान को 415 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिले के लिए कुल 415.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। इनमें 178.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 18 नई योजनाओं का 8शिलान्यास तथा 236.80 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में आधारभूत संरचना, जनकल्याण और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

राज्य सरकार की सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में बिहार के सभी जिलों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और सेवाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया जाएगा। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की गई है। जिन प्रमुख विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे उनमें जीविका, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, कृषि विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, भू-अर्जन कार्यालय, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, समाज कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग, ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, डीआरसीसी, जिला उद्योग केंद्र, खेल विभाग एवं वन विभाग शामिल हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित विशाल जनसभा होगी, जिसमें वे राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी जनता के साथ साझा करेंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी जानेंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी, बल्कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31