Siwan News: सीवान में 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर सड़क पर गिरा, दर्जनभर लोग करंट की चपेट में

Share

छपरा रोड पर शाम के वक्त मची अफरा-तफरी; 6 घायल सदर अस्पताल में भर्ती

दो को पीएमसीएच रेफर करने की तैयारी

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

परवेज अली l संवाददाता। सीवान।

शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल छपरा रोड पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल मोड़ और बाबुनिया मोड़ के बीच एक मोबाइल दुकान के समीप 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। तार गिरते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना में करीब एक दर्जन लोगों के करंट की चपेट में आने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे बाजार में सामान्य दिनों की तरह भारी भीड़ थी। लोग खरीदारी में व्यस्त थे, तभी अचानक हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। देखते ही देखते आसपास मौजूद लोग करंट की चपेट में आने लगे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों की तत्परता से गंभीर रूप से घायल छह लोगों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में नया बाजार निवासी रिंकू अली, देवघर निवासी नसरूल्लाह, कुतुब छपरा निवासी साजिद अली, अतरसुआ निवासी अब्दुल्लाह, कुतुब छपरा निवासी राजा तथा सदर अस्पताल रोड निवासी खालिद शामिल हैं। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि भर्ती सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि दो लोगों की हालत अपेक्षाकृत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए पीएमसीएच रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों ने जर्जर बिजली तारों की तत्काल जांच और मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31