Siwan Sports: सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

Share

जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने किया उद्घाटन, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मिलेगा मौका

स्पोर्ट्स न्यूज़ डेस्क। केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान:

शहर के राजेंद्र स्टेडियम में गुरुवार को खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन सिवान के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव एवं फुटबॉल प्रशिक्षकों ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

इस प्रतियोगिता का आयोजन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना के निर्देश पर किया गया है। इसमें अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक एवं अंडर-17 बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय बिलासपुर, हरेराम उच्च विद्यालय मैरवा तथा गांधी स्मारक विद्या मंदिर उच्च विद्यालय पचरुखी समेत कई स्कूलों की टीमों ने भाग लिया।

उद्घाटन अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने कहा कि जिला स्तर पर चयनित टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने बताया कि अंडर-15 बालक वर्ग की प्रतियोगिता 10 से 14 जुलाई तक मुंगेर में, अंडर-17 बालक वर्ग की प्रतियोगिता किशनगंज में तथा अंडर-17 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता समस्तीपुर में आयोजित होगी।

उन्होंने आगे बताया कि राज्य स्तर पर चयनित टीमें 18 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 65वीं राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। यह खिलाड़ियों के लिए अपने खेल कौशल को राष्ट्रीय मंच पर दिखाने का सुनहरा अवसर होगा।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सिवान का फुटबॉल में गौरवशाली इतिहास रहा है। जिले के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों की अहम भूमिका रही। इसमें मनोरंजन कुमार सिंह, संतोष सिंह, वाल्मीकि ओझा, विजय प्रताप सिंह, अनिरुद्ध कुमार, शिवेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, महमूद आलम, श्रुति कुमारी, मनोज कुमार, जितेंद्र कुमार, विवेक आनंद और मुकेश कुमार यादव ने अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930