जिला कार्यालय में हुई बैठक में रविदास जयंती, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और समरसता दीप कार्यक्रम की रूपरेखा तय
प्लास्टिक तिरंगे के प्रयोग पर रहेगा प्रतिबंध
पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान।
भारतीय जनता पार्टी के चाप ढाला स्थित जिला कार्यालय में आगामी रविदास जयंती, हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष धनंजय सिंह ने किया। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 से 14 अगस्त तक जिले के सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके पूर्व 4 से 7 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तैयारी बैठक होगी, जिसमें भाजपा युवा मोर्चा की मंडल इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। तय किया गया कि तिरंगा यात्रा शहीद सैनिकों के स्मारक अथवा किसी मंदिर से प्रारंभ होगी तथा सभी मंडल यात्रा की तिथि निर्धारित कर जिला कार्यालय को शीघ्र सूचित करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 13 और 14 अगस्त को कार्यकर्ताओं की 20 से 25 सदस्यीय टोली बनाकर घर-घर, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने का अभियान चलाया जाएगा। तिरंगे जिला कार्यालय से उपलब्ध कराए जाएंगे और 7 अगस्त तक सभी मंडलों को अपनी आवश्यकता के अनुसार तिरंगों की संख्या उपलब्ध करानी होगी। अभियान के दौरान प्लास्टिक के तिरंगे का उपयोग नहीं करने का भी निर्णय लिया गया।

जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस तथा 29 जुलाई को समरसता दीप कार्यक्रम के तहत मंदिरों में संत रविदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में लालबाबू कुशवाहा, प्रदीप कुमार रोज, हरेंद्र श्रीवास्तव, अनुराधा गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, अनुरंजन मिश्रा, कुंदन सिंह, सत्यम सिंह सोनू, धर्मेंद्र पटेल, प्रेम माझी, अनंत साहनी, सुभाष कुशवाहा, अजय पासवान, पूनम गिरी, दीपू सिंह चंदेल, हीरा लाल राम, अर्चना सिंह, सुरेश राम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





