वीएम उच्च विद्यालय में आयोजित कैरियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम में 11वीं-12वीं के छात्रों को उच्च शिक्षा
प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की दी विस्तृत जानकारी
एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान।
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से वी.एम. उच्च विद्यालय, सिवान में बुधवार को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों तथा उनकी रुचि और योग्यता के अनुरूप बेहतर कैरियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपने भविष्य को लेकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री मैत्रेय ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय का प्रभावी प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बदलते समय के अनुसार अपने व्यक्तित्व, कौशल और ज्ञान का भी निरंतर विकास करना आवश्यक है। यदि छात्र अपनी क्षमता को पहचानकर सही दिशा में मेहनत करें तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इंजीनियरिंग, चिकित्सा, सिविल सेवा, रक्षा सेवाओं, प्रबंधन, विधि, विज्ञान, वाणिज्य, कला सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि आज के दौर में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी दक्षता भी बेहतर रोजगार के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कैरियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, विषय चयन और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका जिला पदाधिकारी ने विस्तार से उत्तर दिया। उनके मार्गदर्शन से छात्र-छात्राओं में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला।

विद्यालय परिवार ने जिला पदाधिकारी का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं और उन्हें सही समय पर उचित दिशा प्रदान करते हैं।
प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक/उच्च शिक्षा), विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग भी की, ताकि उन्हें अपने कैरियर से जुड़े निर्णय लेने में बेहतर मार्गदर्शन मिलता रहे।





