Siwan: पप्पू यादव पर हमले के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, सिवान में अमित शाह का पुतला फूंका

Share

जिला परिषद परिसर से जेपी चौक तक निकाला प्रतिरोध मार्च

कांग्रेस नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

सांसद पर हमले की निष्पक्ष जांच और गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हुए हमले के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिवान में प्रतिरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला परिषद परिसर से शुरू हुआ मार्च कचहरी रोड होते हुए जेपी चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सांसद पर हुए हमले को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि किसी निर्वाचित सांसद पर हमला होना बेहद गंभीर और निंदनीय घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा हमले के पीछे की साजिश का खुलासा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राजधानी दिल्ली में भी जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शशि कुमार ने कहा कि बिहार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं और दिल्ली में सांसद पर हमला यह दर्शाता है कि आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सरकार से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

जिला पार्षद अरविंद यादव ने कहा कि दिल्ली के हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में सांसद पर हमला होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक है। उन्होंने इस घटना की जवाबदेही तय करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रतिरोध मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना के विरोध में अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान जेपी चौक पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। बाद में पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, विकास तिवारी, आशुतोष कुमार, अमित कुशवाहा, आशीष कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, वैद्यनाथ महतो, कुंदन कुमार, संजय रानीपुरी, संजय गुप्ता, मनीष कुमार, पवन कुमार यादव, अल्ताफ राजा, विनोद सम्राट, अभिमन्यु कुमार, अरविंद कुमार, मनु सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31