CM Nitish Kumar: सीवान को विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री ने 202 करोड़ की योजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

Share

समृद्धि यात्रा के तहत सीवान पहुंचे नीतीश कुमार, अधिकारियों को दिए तेज कार्यान्वयन के निर्देश

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सीवान।
माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में सीवान जिले का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की और जिले को 202 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 157 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास और 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन रिमोट के माध्यम से किया।


अस्पताल परिसर से योजनाओं का लोकार्पण, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, सीवान में नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर से ही उन्होंने जिले की कुल 71 विकासात्मक योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।


स्टॉलों का निरीक्षण, योजनाओं की जमीनी हकीकत देखी

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लाभुकों से संवाद कर योजनाओं के लाभ के बारे में भी जाना। इस दौरान कई लाभुकों को सांकेतिक चेक और स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।


रोजगार और जीविका को मिला बड़ा संबल

मुख्यमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत 3,78,504 लाभार्थियों को 378 करोड़ 50 लाख 40 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।
डीपीएम जीविका सिवान ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में बैंक लिंकेज के माध्यम से 581 करोड़ रुपये तथा परियोजना राशि अंतर्गत 72 करोड़ रुपये सहित कुल 1031 करोड़ 50 लाख 40 हजार रुपये दिए गए हैं, जिससे दीदियों को आजीविका संवर्धन में बड़ी सहायता मिलेगी।


कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री द्वारा तेल प्रसंस्करण इकाई हेतु सूर्यान्स एफपीओ को 9.90 लाख रुपये, फार्म मशीनरी बैंक के लिए मुकेश कुमार को 8 लाख रुपये तथा झोपड़ी मशरूम इकाई हेतु धर्मेंद्र राम को 89,750 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई।
कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में सहयोग का भरोसा जताते हुए बताया कि जिले के 11 प्रखंडों में 23 कृषि सखियों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।


सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने सीवान-आंदर पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य लगभग 24 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
इसके अलावा पचरुखी बाईपास, भण्टापोखर-जीरादेई पथ, सीवान यार्ड से पचरुखी रेलवे स्टेशन के बीच आरओबी निर्माण, घाघरा नदी पर पुल एवं पहुंच पथ निर्माण जैसी कई परियोजनाएं तेजी से प्रगति पर हैं।


जल-जीवन-हरियाली अभियान को मिला बल

मुख्यमंत्री ने पंचमंदिरा पोखरा में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया और मत्स्य बीज संचयन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में है।


गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031