“शहीदों की स्मृति सिर्फ इतिहास नहीं, हमारी चेतना का स्तंभ है” — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Share

शहीद सूरज नारायण सिंह को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि, दरभंगा में लगेगी आदमकद प्रतिमा

119वीं जयंती पर पोलो मैदान में हुआ भव्य राजकीय कार्यक्रम

हर साल दरभंगा में आयोजित होगी शहीद की जयंती समारोह

पूर्व सांसद आनंद मोहन ने किया शहीद के संघर्षों का स्मरण

दरभंगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद सूरज नारायण सिंह की 119वीं जयंती पर गुरुवार को लहेरियासराय स्थित पोलो मैदान में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस विशेष अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं उपस्थित हुए और शहीद के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “दरभंगा में शीघ्र ही शहीद सूरज नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। जिलाधिकारी को इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब से हर वर्ष शहीद की जयंती राजकीय स्तर पर दरभंगा में भी मनाई जाएगी, जैसा कि पटना में होता है।

बिहार सरकार ने लिया स्मारक और स्मृति दिवस को सम्मानजनक रूप देने का संकल्प
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रतिमा निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ हो और स्मृति स्थल को एक प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाए।

- Sponsored -

उपमुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल की मौजूदगी ने दिया आयोजन को गरिमा
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री महेश्वर हजारी, विजय कुमार चौधरी, संजय सरावगी, मदन सहनी, हरि सहनी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, सांसद लवली आनंद सहित कई विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

आंदोलन के नायक रहे सूरज नारायण सिंह
सभा को पूर्व सांसद आनंद मोहन ने भी संबोधित किया। उन्होंने शहीद सूरज नारायण सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 17 मई 1906 को दरभंगा के नरपतिनगर गांव में हुआ था। वे सविनय अवज्ञा आंदोलन और नमक सत्याग्रह के प्रमुख नेता थे। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी वे किसान और मजदूर आंदोलनों में सक्रिय रहे। पुलिस लाठीचार्ज में घायल होने के बाद 21 अप्रैल 1973 को उन्होंने अंतिम सांस ली।

प्रशासनिक और जन सहभागिता से सजी श्रद्धांजलि सभा
कार्यक्रम में दरभंगा प्रमंडल आयुक्त कौशल किशोर, डीआईजी स्वप्ना गौतम मेश्राम, जिलाधिकारी कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में शहीद के आदर्शों को अपनाने और समाज को प्रेरणा देने की अपील की।

दरभंगा से वरुण कुमार की रिपोर्ट

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031