गोपालगंज में पूर्व प्रेमिका के पिता ने युवक को मारी गोली

Share

विदेश जाने से पहले माता-पिता से मिलने आया था, संत मोड़ के पास घेर कर की गई फायरिंग

गोपालगंज में प्रेम प्रसंग को लेकर खून-खराबा, जख्मी युवक का चल रहा इलाज; आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र के संत मोड़ के पास प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक को देर रात गोली मार दी गई। आरोप है कि यह फायरिंग उसकी पूर्व प्रेमिका के पिता ने की। जख्मी युवक को तत्काल परिजन सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।जख्मी युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के इंदरवा रफीक गांव निवासी मो. आलम के बेटे रफीक के रूप में की गई है। रफीक के पैर में गोली लगी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

संत मोड़ पर घेरकर मारी गोली, तीन फायर किए गए

घटना देर रात की है जब रफीक किसी काम से संत मोड़ के पास गया था। इसी दौरान आरोपी ने उसे अकेला पाकर घेर लिया और तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गिर पड़ा। रफीक का आरोप है कि गोली मारने वाला उसकी पूर्व प्रेमिका का पिता था।

तीन साल से गांव से बाहर था युवक, विदेश जाने से पहले लौटकर आया था

- Sponsored -

जख्मी रफीक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका 2022 में प्रेमिका से ब्रेकअप हो चुका था। “मैंने उसके नाम का टैटू सीने पर बनवाया था, जिसकी जानकारी लड़की के पिता को हो गई थी। इसके बाद उन्होंने मेरे साथ मारपीट की और पंचायत में फैसला कर मुझे दो साल के लिए गांव से बाहर कर दिया गया।”रफीक ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से गांव से दूर था और अब विदेश जाने की तैयारी में था। 31 तारीख को उसकी फ्लाइट थी, लेकिन इससे पहले वह अपने माता-पिता से मिलने गांव आया था।

पहले से दी जा रही थी धमकी, कहा गया था- गांव आए तो गोली मार देंगे

रफीक ने बताया कि आरोपी पहले से ही उसे धमकी दे रहा था कि यदि वह गांव में दिखाई दिया तो जान से मार दिया जाएगा। “मैंने लड़की से शादी करने का इरादा भी छोड़ दिया था, फिर भी उन्होंने मुझे अकेला देखकर गोली मार दी,” युवक ने बताया।

घटना के बाद पुलिस हरकत में, आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी युवक का फर्द बयान दर्ज किया। नगर थाना अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि युवक को पैर में गोली लगी है और उसका इलाज कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

प्रेम प्रसंग बना दुश्मनी की वजह, पुलिस की जांच जारी

इस पूरे मामले में प्रेम प्रसंग एक बार फिर हिंसक मोड़ ले चुका है। पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930