Justice For All: सिवान में जनवरी से मार्च तक चलेगा ‘मेडिएशन–2’, मुफ्त और आसान निपटारे का मिलेगा मौका

Share

हाईकोर्ट के निर्देश पर व्यवहार न्यायालय में अभियान, वैवाहिक से लेकर चेक बाउंस तक मामलों का होगा सुलह के जरिए समाधान

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान:
उच्च न्यायालय पटना के निर्देशानुसार सिवान व्यवहार न्यायालय में ‘मेडिएशन–2’ अभियान का शुभारंभ जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत न्यायालय क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विवादों का आपसी सुलह और समझौते के माध्यम से निपटारा किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीश कुमार सिंह एवं सचिव सुनील कुमार सिंह इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं मेडिएशन–2 को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार का कार्य जोरों पर चल रहा है, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

अभियान के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, भूमि विवाद, विभाजन व भूमि अधिग्रहण जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलहनीय तरीके से निपटाया जाएगा। उद्देश्य यह है कि वर्षों से लंबित मुकदमों का त्वरित, सरल और निशुल्क समाधान संभव हो सके।

अधिवक्ता गणेश राम उर्फ ज्ञान रत्न ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दोनों पक्षों की सहमति से होने वाला यह निपटारा न केवल समय और धन की बचत करेगा, बल्कि आपसी संबंधों को भी बेहतर बनाएगा। उन्होंने सभी पक्षकारों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और फिजूल में चल रहे मुकदमों से छुटकारा पाएं।

न्यायिक अधिकारियों का मानना है कि मेडिएशन–2 से न्यायालयों पर बढ़ते बोझ को कम करने में भी मदद मिलेगी और न्याय सुलभता को नई गति मिलेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031