Shivrajpur Case: मोबाइल चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, माले की जांच टीम ने बताया शर्मनाक

Share

शिवराजपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले नेता; दोषियों की गिरफ्तारी की मांग, 2 जून को बड़हरिया में प्रतिवाद का ऐलान

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान।

बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने और उसके शव को मोटरसाइकिल से बांधकर घसीटे जाने की घटना ने जिले को झकझोर कर रख दिया है। मामले की जांच के लिए सोमवार को भाकपा माले की सात सदस्यीय टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। जांच के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने घटना को “अत्यंत शर्मनाक और अमानवीय” बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

भाकपा माले के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया, राज्य कमेटी सदस्य विकास यादव, आरवाईए जिला सचिव जयशंकर पंडित तथा मजदूर यूनियन के राज्य सचिव अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि शिवराजपुर निवासी 26 वर्षीय शहजाद अली की मोबाइल चोरी के आरोप में कथित रूप से बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल में बांधकर घसीटा गया। नेताओं ने कहा कि घटना के बाद आरोपितों ने ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

माले नेताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार को पर्याप्त जानकारी दिए बिना पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर दी गई। उन्होंने कहा कि शहजाद अली अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था, क्योंकि करीब छह माह पूर्व शहजाद के बड़े भाई की भी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया था। उनके बड़े भाई के भी छह बच्चे हैं, जिससे परिवार लगातार दो बड़ी त्रासदियों का सामना कर रहा है।

- Sponsored -

प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीड़ हिंसा तथा कानून को हाथ में लेने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। माले नेताओं ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो जनता को लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी पड़ेगी।

जांच टीम ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही घोषणा की कि घटना के विरोध में 2 जून को बड़हरिया में प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जांच टीम में इंद्रजीत चौरसिया, विकास यादव, कुंती यादव, रमाशंकर चौरसिया, महेश सिंह, गुड्डू मिश्रा और मुन्ना यादव समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031