Siwan News: मैरवा स्टेशन पर 14.6 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Share

आरपीएफ, जीआरपी और सीपीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई; यूपी के दो आरोपियों को दबोचा, 73 पाउच शराब जब्त

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और सीपीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मैरवा रेलवे स्टेशन पर देशी शराब की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 14.6 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4015 रुपए बताई गई है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के आदेशानुसार शनिवार को सीपीडीएस टीम, आरपीएफ पोस्ट सीवान और जीआरपी सीवान की संयुक्त टीम रेलवे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मैरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 स्थित फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां टीम को संदिग्ध लगीं।

जांच के दौरान दोनों व्यक्तियों के पास मौजूद एक हैंड बैग तथा उनके शरीर से लपेटकर रखी गई देशी शराब बरामद की गई। तलाशी में कुल 73 अदद रोमियो राजा लाइम ब्रांड की देशी शराब के पाउच मिले। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस प्रकार कुल 14.600 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4015 रुपए आंकी गई है।

- Sponsored -

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के रतसिया निवासी 58 वर्षीय जनार्दन सिंह तथा श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी 40 वर्षीय अनवर अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को जब्त शराब के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया गया।

इस संबंध में जीआरपी थाना सीवान में कांड संख्या 92/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

छापेमारी दल में सीपीडीएस टीम के सब इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, जीआरपी के एसआईटी सुरजीत कुमार, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, कांस्टेबल अमरेंद्र सिंह तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के कांस्टेबल बबलू कुमार यादव शामिल थे। टीम की इस कार्रवाई को रेलवे क्षेत्र में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031