LPG Gas Crisis: सीवान में रसोई गैस संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला दहन

Share

‘नरेन्द्र भी गायब और सिलेंडर भी गायब’ के नारों से गूंजा जेपी चौक; गैस की किल्लत दूर करने के लिए ठोस योजना बनाने की मांग

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सीवान | कृष्ण मुरारी पांडेय

सीवान शहर के जेपी चौक पर शनिवार को रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान “रसोई गैस की कालाबाजारी बंद करो”, “एलपीजी की किल्लत दूर करो”, “नरेन्द्र भी गायब और सिलेंडर भी गायब” तथा “नाम नरेन्द्र और काम सरेंडर” जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि आम जनता रसोई गैस की भारी किल्लत से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के जिम्मेदार लोग लगातार यह दावा कर रहे हैं कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि शहरों और कस्बों में लोग सुबह चार बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे हैं, फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

सुशील कुमार ने कहा कि गैस की कमी का असर केवल घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि होटल और छोटे व्यवसाय भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पटना सहित कई शहरों में हजारों होटल या तो बंद हो चुके हैं या बंद होने के कगार पर हैं। इसके अलावा लॉज और हॉस्टलों में भी रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कई जगहों पर कमरे खाली होने लगे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता की परेशानियों को देखते हुए गैस आपूर्ति को लेकर ठोस और प्रभावी योजना बनाई जाए।

- Sponsored -

किसान कांग्रेस के राज्य महासचिव अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि पटना में एक गैस एजेंसी से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बलपूर्वक सिलेंडर उठवाने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण गैस की कृत्रिम कमी पैदा की गई है, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. के. एहतेशाम अहमद ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश की स्थिति कमजोर की है। उन्होंने कहा कि “नरेंद्र भी गायब है और सिलेंडर भी गायब” की स्थिति आज देश में बन गई है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि केंद्र सरकार बड़े पूंजीपतियों के इशारे पर देश चला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष कर रही है और आगे भी यह आंदोलन जारी रहेगा।

इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता शशि कुमार, पूनम सिंह, सत्येन्द्र नारायण सिंह, जवाहर राम, लवलीन चौधरी, मो. सेराज आलम, अमित कुशवाहा, अलाउद्दीन अहमद, वैजनाथ महतो, शहाबुद्दीन शाह, संजय कुमार, मो. सोहैल, लीलावती देवी, रवि कुमार सिंह, मनुल मिश्रा, बिंदु देवी, मुकेश गुप्ता, अप्पू सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930